रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के प्रश्नकाल के दौरान सड़क निर्माण और मरम्मत का मुद्दा गरमाया। कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित राजनांदगांव और खैरागढ़ जिलों की मरम्मत योग्य सड़कों को लेकर सरकार से जानकारी मांगी और विभागीय मंत्री के जवाब पर आपत्ति दर्ज कराई।
विधायक हर्षिता बघेल ने पूछा कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले में कुल कितनी सड़कें मरम्मत की स्थिति में हैं और उनमें से कितनी सड़कों पर कार्य शुरू हो चुका है। जवाब में विभागीय मंत्री अरुण साव ने बताया कि दोनों जिलों में कुल 48 सड़कें मरम्मत योग्य हैं। इनमें से 39 सड़कों के टेंडर हो चुके हैं, चार सड़कों का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि पांच सड़कों पर काम अभी शुरू नहीं हुआ है।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि जमीनी हकीकत इससे अलग है और जिन 48 सड़कों का जिक्र किया गया है, उनमें कहीं भी मरम्मत कार्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने सदन में दी गई जानकारी को गलत बताते हुए इस पर आपत्ति जताई।
इस पर मंत्री अरुण साव ने कहा कि विस्तृत जानकारी परिशिष्ट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। वहीं आसंदी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि मंत्री द्वारा प्रश्न का उत्तर नियमानुसार दिया जा रहा है।