बीएसपी की खानापूर्ति वाली मरम्मत, सड़क बनते ही उखड़ने लगी सड़क

0 जनप्रतिनिधियों ने खोला भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा 
0 अधिकारी ने दी काम बंद करवा देने की धमकी 

(अर्जुन झा) दल्ली राजहरा। लौह अयस्क नगरी दल्ली राजहरा में टाउनशिप एवं अन्य जगहों पर बने डामर सड़क के जर्जर होने पर लगातार मांग के बाद बीएसपी प्रबंधन के कानों में जूं रेंगी और 61 लाख की लागत से 13 किलोमीटर सड़क निर्माण एवं मरम्मत के कार्य को स्वीकृति मिली। काम भी शुरू हो गया, मगर यहां के नागरिकों का दुर्भाग्य है कि सड़क निर्माण और मरम्मत में महज खानापूर्ति एवं लीपापोती का ही खेल चल रहा है। बीएसपी के अधिकारियों और ठेकेदारकी जुगलबंदी में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। वहीं सड़क के काम पर उठ रहे सवालों को लेकर बीएसपी के एक जिम्मेदार अधिकारी इस कदर झल्ला उठे कि उन्होंने काम कल से ही बंद करवा देने की धमकी देते हुए कहा- आप लोगों को राजहरा का विकास पसंद नहीं है।
स्वीकृति मिलने के बाद ठेका एजेंसी द्वारा सड़क निर्माण शुरू तो किया गया, पर बीएसपी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के मुनाफाखोरी की ललक के चलते निहायत ही घटिया कार्य कराया जा रहा है। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि बनने के 2 दिन बाद ही सड़क की परत उखड़ने लगी है। जहां जहां सड़क मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, वहां आसपास के निवासियों द्वारा इस मरम्मत पर सवाल उठाया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने भी निरीक्षण में सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन पाया है।नगरवासियों में खासा रोष व्याप्त है। आक्रोश हो भी क्यों न, लंबे वक्त की मांग के बाद इसका निर्माण करवाया जा रहा है और अब इस तरह का गुणवत्ताहीन कार्य कराया जा रहा है। जनता की मूल आवश्यकता इतने विलंब के बाद पूरी करने में भी मुनाफाखोरी की लालसा में इस प्रकार का खिलवाड़ बिल्कुल अनुचित है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार यह निविदा बीएसपी मैनेजमेंट के कुछ अधिकारियों की सांठगांठ से मनपसंद ठेकेदार को प्रदान की गई है ताकि बंदरबांट आसानी से हो सके। ठीक वैसा ही देखने को भी मिल रहा है। निम्न स्तरीय निर्माण कर जनता को छला जा रहा है। जिस नगर से निकले लौह अयस्क से करोड़ों का मुनाफा अर्जित कर रहे हैं उसी नगर की जनता के हक से खिलवाड़ किया जा रहा है। देखने वाली बात है कि नगर में जिन क्षेत्रों में सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है वहां ज्यादातर बीएसपी के ही कर्मी निवासरत हैं और इन्हीं मार्ग से हो कर अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते हैं । ऐसे में क्या कोई अधिकारी या कर्मचारी खुल कर इस भ्रष्टाचार का विरोध करता है, या क्या मैनेजमेंट से सांठगांठ कर चलने वाली ट्रेड यूनियन किसी प्रकार की आवाज उठाते हैं या इस प्रकार के भ्रष्टाचार पर दमनकारी बीएसपी अधिकारियों के डर से मौन धारण कर सब नजारे देखते हैं? यह देखने वाली बात है। वहीं दूसरी ओर बीएसपी टाउनशिप के अधिकारी श्री हेड़ाऊ से इस बाबत पूछा गया, तो वे झलला उठे। उनका जवाब था- आप लोगों को राजहरा का विकास पसंद नहीं है।. कल से काम बंद करवा दिया जाएगा।

चढ़ेगी दूसरी परत
अभी कार्य शुरू हुआ है 2- 3 दिनों में उस पर एक परत और चढ़ा कर कार्य पूर्ण किया जाएगा।

श्री हेडाऊ, बीएसपी टाउन नगर प्रशासन दल्ली राजहरा

इसी मामले को लेकर जब श्री हेडाऊ साहब को व्हाट्सएप के माध्यम से समाचार भेजा गया तो श्री हेडाऊ ने चैट के माध्यम से कहा कि कल से रोड का काम बंद कर दिया जाएगा आप लोगों को दल्ली का विकास पसंद नहीं है।

साफ तौर से पता चल रहा है कि बीएसपी के अधिकारयों और ठेकेदार के बीच कितनी साठगांठ बनी हुई है अब देखना ये है कि ठेकेदार द्वारा इसी तरह गुणवत्ताहीन कार्य किया जाएगा या दल्ली राजहरा की जनता के मुंह से विकास का निवाला छीन लिया जाएगा

नहीं सहेंगे ऐसा छल
किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीएसपी पहले से ही राजहरा के विकास से पीछे हटते जा रहा है। वर्षों बाद डामरीकरण का कार्य आरंभ हुआ है निश्चित रूप से भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस क्षेत्र में सड़क निर्माण चल रहा है, वहां जल्द ही निरीक्षण करने जाऊंगा।
-सौरभ लूनिया,
महामंत्री, जिला भाजपा

भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री को अवगत कराया जाएगा
-रामेश्वर साहू,
मंडल अध्यक्ष

प्रबंधन से करेंगे चर्चा
डामर रोड में ठेकेदार द्वारा बड़ा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। गुणवत्ताहीन कार्य हो रहा है। इसमें बीएसपी के अधिकारियों की संलिप्तता साफ तौर पर नजर आ रही है। इस मामले में बीएसपी प्रबंधन से चर्चा करूंगा
-विशाल मोटवानी,
पार्षद, वार्ड नंबर 24

सच्चाई लाएंगे सामने
राजहरा के विकास के साथ बीएसपी जो खिलवाड़ कर रहा है, उसे नहीं सहा जाएगा। तत्काल सोमवार को डामर रोड का निरीक्षण किया जाएगा और ठेकेदार द्वारा जो भी भ्रष्टाचार किया गया है, उसकी पोल खोल कर जनता के सामने लाएंगे।
-मेवा पटेल,
पार्षद, वार्ड नंबर 9

कार्रवाई करवा कर रहेंगे सोमवार को लेंगे जायजा
सोमवार को रोड का निरीक्षण किया जाएगा मिट्टी के ऊपर डामर रोड बनाया गया है जो कि गुणवत्ताहीन घटिया डामर रोड निर्माण कार्य कर रहा ठेकेदार के ऊपर कार्यवाही के लिए लगातार प्रयास करेंगे
-मुश्ताक अहमद,
अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *