रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ट्रेन पकड़ने आए एक युवक का अपहरण कर उसके साथ हैवानियत की गई। युवक को बंधक बनाकर उसके साथ जबरन अप्राकृतिक कृत्य किया गया, उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और पूरी वारदात का वीडियो बनाकर परिजनों से 1.5 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।
पीड़ित युवक रामानुजगंज से मजदूरी के लिए गुजरात के सूरत जा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा धृतलहरे से हुई, जिसने खुद को मददगार बताते हुए जल्दी ट्रेन-बस की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया और बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया।

आरोपी युवक को शहर से बाहर एक सुनसान जगह ले गया, जहां उसे एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने कमरे में ले जाकर पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ ज़बरदस्ती अप्राकृतिक यौन कृत्य किया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और वही वीडियो पीड़ित के परिजनों को भेजकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। उसने धमकी दी कि डेढ़ लाख रुपए नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
किसी तरह मौके का फायदा उठाकर पीड़ित आरोपी के चंगुल से भाग निकला और रामानुजगंज पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद स्थानीय थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई और मामला रायपुर के विधानसभा थाना को ट्रांसफर किया गया।
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायपुर पुलिस ने आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा धृतलहरे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अपहरण, बंधक बनाना, मारपीट, अप्राकृतिक कृत्य, धमकी और आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या उसके पीछे कोई पूरा गिरोह काम कर रहा है।