रायपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, नई गाइडलाइन दरों के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों कार्यकर्ता

रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने नई जमीन गाइडलाइन दरों के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। राजीव गांधी चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के फैसलों के खिलाफ आवाज बुलंद करते नजर आए।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि गाइडलाइन दरों में हुई अचानक बढ़ोतरी आम जनता और व्यापारियों के लिए सीधे परेशानी का सबब बन गई है। उन्होंने तीखा आरोप लगाया कि सरकार ने केवल कुछ बिंदुओं पर दरें वापस लेने का निर्णय लिया, जबकि पूरे गाइडलाइन में व्यापक संशोधन करना जरूरी था। उपाध्याय ने सवाल उठाया, “लोगों की शिकायत और सुझाव लेने की प्रक्रिया क्यों पहले नहीं अपनाई गई, जबकि दरें अचानक लागू कर दी गईं?”

कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि सरकार बार-बार बिना सोच-विचार के अचानक फैसले लेती है। उन्होंने बिजली बिलों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले बिजली दरों में अचानक बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन विरोध के बाद 200 यूनिट माफ कर दिए गए। शर्मा ने कहा, “अब यही तरीका जमीन गाइडलाइन पर भी अपनाया गया है।”

कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया कि जब तक जमीन गाइडलाइन दरें पुराने स्तर पर नहीं लौटतीं, उनका विरोध जारी रहेगा। उनका कहना है कि भाजपा सरकार केवल विरोध के बाद ही यू-टर्न लेती है, जनता के हित की कभी पहल नहीं करती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *