प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात रायपुर पहुंचेंगे, 28 से 30 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस में लेंगे हिस्सा

रायपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के सबसे बड़े फोरम में से एक, डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात नवा रायपुर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी स्पीकर निवास में रात्रि विश्राम के बाद कल इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

तीन दिवसीय इस सम्मेलन में कुल 8 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी कल और परसों होने वाले 6 प्रमुख सत्रों में भाग लेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ प्रधानमंत्री की उपस्थिति इसे और भी विशेष और ऐतिहासिक बना देती है।

यह सम्मेलन देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों और कानून-व्यवस्था पर खुले और सार्थक संवाद का अवसर प्रदान करता है। साथ ही, पुलिस बलों की परिचालन क्षमता, अवसंरचना और कल्याण संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने और पेशेवर मानकों को मजबूत करने का भी यह मंच है।

प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2014 से यह सम्मेलन लगातार और अधिक प्रभावशाली बनता गया है। इससे पहले यह गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर में आयोजित हो चुका है। रायपुर संस्करण को इस बार छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *