रायपुर। राजधानी में स्काई वॉक के निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 27 नवंबर से एक माह की अवधि तक शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक और शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग होते हुए जयस्तंभ चौक मार्ग पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक एकांकी मार्ग (वन-वे) लागू रहेगा।
इस दौरान उक्त मार्गों पर रात्रिकालीन यातायात प्रतिबंधित रहेगा। पहले 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग के बीच जयस्तंभ चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर वन-वे व्यवस्था लागू होगी, जबकि अगले 15 दिनों में शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक तक का मार्ग एकांकी रहेगा।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बंद किए गए मार्गों के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पर्याप्त संख्या में रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स और सूचना बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही वाहनों को मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने और यातायात संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में गार्ड्स की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।