सब इंजीनियर प्रदीप बघेल 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की सख्त कार्रवाई जारी है। सोमवार दोपहर जगदलपुर से पहुंची एसीबी टीम ने छिंदगढ़ ब्लॉक मुख्यालय के आरईएस कॉलोनी स्थित सरकारी क्वार्टर में दबिश देकर सब इंजीनियर प्रदीप बघेल को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, सब इंजीनियर प्रदीप बघेल ने छिंदगढ़ ब्लॉक की चियूरवाडा पंचायत में पुलिया निर्माण कार्य का बिल पास करने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन (रिश्वत) की मांग की थी। पंचायत सचिव लंबे समय से भुगतान के लिए चक्कर काट रहे थे, लेकिन बिना रिश्वत दिए सब इंजीनियर ने चेक जारी करने से इनकार कर दिया था।

शिकायत मिलने पर एसीबी टीम ने ट्रैप तैयार किया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने निर्धारित 30 हजार रुपये की राशि सब इंजीनियर को दी, टीम ने मौके पर छापा मारकर प्रदीप बघेल को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की रकम, संबंधित दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से छिंदगढ़ ब्लॉक सहित पूरे इलाके के अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *