नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर – कई ऑटोमैटिक हथियार बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर डीआरजी, दंतेवाड़ा डीआरजी और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में हुए एनकाउंटर में 6 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मारे गए नक्सलियों के पास से इंसास, स्टेनगन, .303 रायफल सहित कई ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक और नक्सल सामग्री बरामद की गई है।

सूत्रों के अनुसार, जवानों ने इलाके में एक वरिष्ठ नक्सल कमांडर को भी घेर रखा है, जिसकी तलाश में अभियान जारी है। इसी दौरान छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के तारलागुड़ क्षेत्र में भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। सर्चिंग के दौरान एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया गया, जिसे इलाज के बाद पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बीजापुर के एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे से डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीमों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी चल रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक छह नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने बताया कि यह सफलता सुरक्षाबलों के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुई है। उन्होंने कहा, “यह अभियान ऐसे समय में सफल हुआ है जब नक्सली संगठन नेतृत्वविहीन और मनोबलहीन स्थिति में है। अब वे सीमित इलाकों में सिमटकर रह गए हैं।”

उन्होंने बताया कि डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, सीआरपीएफ और सीएएफ की अतिरिक्त टीमें आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, ताकि बाकी बचे नक्सलियों को भी घेरा जा सके। हालांकि सुरक्षा कारणों से ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और जवानों की तैनाती का ब्यौरा फिलहाल साझा नहीं किया गया है। अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *