अमित बघेल की तलाश तेज, पुलिस ने घोषित किया इनाम — कई राज्यों में भी दर्ज मामले

रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। देवेन्द्रनगर और कोतवाली थानों में उनके खिलाफ हेट स्पीच के मामले दर्ज हैं। रायपुर पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों को 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

इस घोषणा के बाद पुलिस अब आरोपी की फरारी में सहयोग करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई कर सकेगी। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि संगठन प्रमुख समेत अन्य नेताओं के खिलाफ भी अपराध दर्ज हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने आम जनता से किसी भी धर्म या समाज के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी से बचने की अपील की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अमित बघेल के रोहणीपुरम स्थित घर सहित संगठन के अन्य नेताओं  अजय यादव और शिवेंद्र वर्मा  के घरों पर भी दबिश दी गई है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी मिली है कि भगवान अग्रसेन एवं सिंधी समाज के इष्टदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छत्तीसगढ़ के चार शहरों के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी अमित बघेल के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। कई राज्यों की पुलिस रायपुर पुलिस से आरोपी की जानकारी साझा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *