लापरवाही का कहर: खुले गड्ढे में डूबे दो मासूम बच्चों की मौत, कबीर नगर में मचा कोहराम

० लोगों में उबाल — शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, गुस्साए लोगों ने रिंग रोड पर किया चक्काजाम

रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। सड़क किनारे खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है, जबकि प्रशासन की लापरवाही पर लोगों का गुस्सा उफान पर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबीर नगर इलाके में सड़क किनारे लंबे समय से एक गहरा गड्ढा खुला पड़ा था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। सुबह कुछ बच्चे वहां खेल रहे थे, तभी दो मासूम फिसलकर उसी गड्ढे में जा गिरे। आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने की वजह से दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

सूचना मिलते ही कबीर नगर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया, घटना की सूचना मिलते ही टीम को रवाना किया गया। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है।

लोगों का फूटा गुस्सा — सड़क पर उतरे नागरिक

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि खुले गड्ढे की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आक्रोशित लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात कई घंटों तक ठप रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश देकर भीड़ को शांत किया।

घर में मातम, पूरे इलाके में सन्नाटा

इस हादसे ने कबीर नगर क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है। मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *