बिलासपुर। शहर में दुबई की धार्मिक यात्रा कराने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। एक टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी चलाने वाले दंपति ने 10 लोगों से कुल 35 लाख रुपये ऐंठ लिए और उसके बाद कार्यालय बंद कर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, तारबाहर निवासी शेख अकरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कटघोरा के वसीम अली और उनकी पत्नी रेशमा अली 2023 में तालापारा तैयबा चौक पर टूर एजेंसी चला रहे थे। दंपति ने समाज के लोगों को दुबई की धार्मिक यात्रा कराने का लालच दिया।
शुरुआत में कुछ यात्रियों के पासपोर्ट-वीजा बनवाकर मुंबई से दुबई भेजा गया, जिससे लोगों का भरोसा कायम हो गया। इसके बाद शेख अकरम समेत 10 लोगों ने यात्रा के लिए 35 लाख रुपये दिए। लेकिन रकम लेने के बाद न तो यात्रा कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए।
जब पीड़ितों ने दबाव डाला तो दंपति ने कार्यालय बंद कर दिया और गायब हो गए। पुलिस ने वसीम अली और रेशमा अली के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और लोकेशन ट्रेसिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।