रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुकमा-दंतेवाड़ा में NIA की 12 ठिकानों पर हुई छापेमारी को सराहा है। अरनपुर IED ब्लास्ट मामले में शुक्रवार को की गई इस कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि सब कुछ स्पष्ट है और ऐसी कार्रवाई जरूरी थी। शर्मा ने इसे CPI माओवादी संगठन के सशस्त्र कैडरों के खिलाफ बड़ा कदम बताया, जिसमें नकदी, लेवी रसीदें और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी कार्रवाइयां बस्तर में शांति बहाल करने में मदद करेंगी।
वोटर लिस्ट में संशोधन (SIR) और BLO नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने आंतरिक विवाद सुलझाए, तब तक समय बीत चुका होगा। घुसपैठियों पर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि सभी घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाएंगे।
BJP के वोट बैंक पर सवाल उठाने वालों को जवाब में शर्मा ने कहा कि BJP ने जनता का दिल जीता है, क्योंकि पार्टी 24 घंटे मेहनत करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का कोई फिक्स्ड वोट बैंक नहीं है; हम रोज जनता के लिए काम करते हैं। कांग्रेस पहले अपने झगड़ों से निकले, फिर SIR पर बात करे।
धान खरीदी पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है। पिछली बार रिकॉर्ड खरीदी हुई थी और इस बार बाहर से धान आने पर सख्ती बरती जाएगी—पकड़े जाने पर राजसात होगा। खरीदी पिछली बार के स्तर पर रहेगी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। किसानों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि BJP सरकार धान खरीदी में कोई कोताही नहीं बरतेगी।