राजनांदगांव। शहर में सुबह प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप मच गया। रायपुर से पहुंची ईडी की टीम ने राजनांदगांव शहर में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिससे कारोबारी गलियारों में सनसनी फैल गई है।
सुबह करीब 5:30 बजे रायपुर से आई 10 गाड़ियों में सवार अधिकारियों की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ दबिश दी। ईडी की टीम ने भारत माता चौक स्थित राधाकृष्ण अग्रवाल के निवास, सत्यम विहार कॉलोनी में यश और रोमिल नहाटा के घर, तथा कामठी लाइन क्षेत्र में मनीष भंसाली के ठिकाने पर छापा मारा है।
मौके पर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है और अधिकारियों ने पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले रखा है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई खनन (माइनिंग) कारोबार, सप्लायर और ब्रोकर नेटवर्क से जुड़ी बताई जा रही है।
हालांकि, ईडी ने अब तक इस छापेमारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार्रवाई किस विशेष प्रकरण से संबंधित है। लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राज्य में चल रहे माइनिंग और वित्तीय लेनदेन से जुड़े संदिग्ध सौदों की जांच के तहत यह कार्रवाई मानी जा रही है।
ईडी की इस तड़के की छापेमारी के बाद से शहरभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और कारोबारी वर्ग में बेचैनी देखी जा रही है।