
गरियाबंद। जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। देवभोग थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से 9 किलो जीवित पैंगोलिन और 6.13 किलो पैंगोलिन की खाल जब्त की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग वन्यजीव तस्करी की साजिश रच रहे हैं। इसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार, देवभोग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कार (OD 08 D 7638) और एक मोटरसाइकिल (CG 05 C 9151) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में पैंगोलिन और उससे संबंधित सामग्री बरामद हुई।
पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे पैंगोलिन को ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों में ऊंची कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भकुला पात्र (55), तारिणी पात्र (52), निवासी कालाहांडी (ओडिशा), और नागेश पात्र (35), निवासी देवभोग (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 39, और 51(1) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1972 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक ने देवभोग थाना प्रभारी और साइबर टीम की इस त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई वन्यजीव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश देती है और ऐसी अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।