विधायक राजेश मूणत ने 36 मेधावी छात्रों को दिए ₹5-5 हजार के चेक, विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय को मिला स्मार्ट क्लास और सोलर पैनल का तोहफा

रायपुर। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के 36 मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप ₹5,000-₹5,000 के चेक प्रदान किए। यह कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डगनिया और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय में आयोजित किया गया।

डगनिया विद्यालय में विधायक मूणत ने स्वयं 12 विद्यार्थियों को चेक प्रदान किए, वहीं विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय में आयोजित दूसरे कार्यक्रम में 24 छात्रों को प्रोत्साहन राशि सौंपी गई।

इस अवसर पर विधायक मूणत ने कहा, “बच्चों को छोटी उम्र में यदि सही दिशा और प्रोत्साहन मिले, तो वे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करते हैं। यह सम्मान उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा।”

विद्यालय के लिए दो बड़ी घोषणाएं

पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर विद्यालय के विकास के लिए विधायक राजेश मूणत ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं —

  • सोलर पैनल की स्थापना: विद्यालय को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

  • स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा: हायर सेकेंडरी कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने के लिए तत्काल इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

विधायक ने कहा कि “शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। सरकार की मंशा है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी निजी विद्यालयों जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।”

छात्रों और शिक्षकों में उत्साह

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने विधायक द्वारा की गई घोषणाओं और छात्रवृत्ति वितरण का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *