फरसा गुड़ा में पोषण माह पर जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं की भागीदारी से बढ़ा उत्साह

जगदलपुर। बस्तर जिले के फरसा गुड़ा ग्राम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा पोषण माह के अवसर पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, ग्राम सरपंच गणेश कश्यप तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सावित्री बघेल के आतिथ्य में हुआ।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे ग्राम की महिलाओं में उत्साह का माहौल रहा। पोषण आहार विषय पर प्रश्न मंच प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती माताओं की गोद भराई रस्म संपन्न हुई, जिसने कार्यक्रम को पारिवारिक और प्रेरणादायक रंग दिया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, फरसा गुड़ा द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 ग्रामीणों की जांच की गई। शिविर में हीमोग्लोबिन (HB) टेस्ट सहित अन्य परीक्षण किए गए। साथ ही, पोषण जागरूकता स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और सरपंच गणेश कश्यप ने कहा कि संतुलित पोषण न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य, बल्कि समाज की प्रगति के लिए भी आवश्यक है।

बस्तर लोक कला समिति, नानगुर के कलाकार धीरनाथ बघेल ने लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं सुपरवाइजर सुनीता रामटेक ने पोषण पर जनजागरूकता गीत गाया। सुपरवाइजर सुधा श्रीवास्तव ने पोषण माह की अवधारणा और उद्देश्यों पर जानकारी दी।

संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के शशांक शेण्डे ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सक्रिय भागीदारी से इसे सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *