दंतेवाड़ा। नक्सलियों के नापाक इरादों को एक बार फिर सुरक्षाबलों ने धूल चटा दी! मंगनार रोड के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तड़के छापेमारी कर बारसूर थाना पुलिस, डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खूंखार नक्सली अनिल उर्फ कचनू सलाम समेत छह नक्सलियों को धर दबोचा। इनके कब्जे से 5 किलोग्राम का जिंदा प्रेशर IED, फावड़ा, सबल और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई, जिससे एक बड़े हादसे को टालने में कामयाबी मिली।
नक्सलियों का खतरनाक प्लान नाकाम
सुरक्षाबलों को मिली खुफिया सूचना के आधार पर मंगनार रोड पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। घेराबंदी के दौरान संदिग्धों से पूछताछ में उन्होंने नक्सली गतिविधियों में शामिल होने की बात कबूल की। गिरफ्तार नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम अनिल उर्फ कचनू सलाम का है, जो पुलिस-नक्सली मुठभेड़, आगजनी और IED विस्फोट जैसी कई खौफनाक वारदातों का मास्टरमाइंड रहा है। अन्य गिरफ्तार नक्सलियों में जमुना उर्फ जयमती मंडावी, सन्नु राम कश्यप, मनीष कश्यप, हरि राम कश्यप और सुलाराम कश्यप शामिल हैं।
IED से पुलिस को निशाना बनाने की साजिश
पूछताछ में नक्सलियों ने खुलासा किया कि उन्होंने मंगनार रोड पर पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए 5 किलो का प्रेशर IED प्लांट किया था। सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए इस जिंदा IED को सुरक्षा मानकों के साथ निष्क्रिय कर दिया। इसके अलावा, नक्सलियों के कब्जे से फावड़ा, सबल और अन्य सामग्री भी जब्त की गई, जो उनकी खतरनाक साजिश का हिस्सा थी।
कड़ी कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ बारसूर थाने में अपराध क्रमांक 13/2025 दर्ज किया गया है। उन पर धारा 61(2)(क), 190, 191(2) BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4, 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनकी सजा का रास्ता तय होगा।