
जगदलपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती बिजली दरों के विरोध में बस्तर जिला युवा कांग्रेस ने सोमवार को तोकापाल बाजार चौक में हस्ताक्षर अभियान चलाया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मांडरे और प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देश पर आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर बिजली दरों में की गई वृद्धि के खिलाफ अपना विरोध जताया। लोगों ने मांग की कि सरकार बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को तत्काल वापस ले, ताकि आम जनता, किसान और छोटे व्यवसायी राहत महसूस कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अभिषेक डेविड, जनपद सदस्य तुलसी मौर्य, अनिल मंडावी, सरपंच केशलूर नकुल मौर्य, जिला महामंत्री संतोष कश्यप, मोहनीश नाग, सोमारु नाग, आनंद और मासों अमलू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली की लगातार बढ़ती दरों ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। महंगाई के इस दौर में बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दर वृद्धि वापस नहीं ली, तो युवा कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी।