रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सलवाद और ग्रामीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से नक्सलवाद के खिलाफ लगातार सफलता मिल रही है। पुनर्वास नीति और सरकारी योजनाओं का लाभ नक्सलियों तक पहुंच रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सैकड़ों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। अब तक 103 नक्सलियों को मुख्यधारा में शामिल किया गया है।
ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम की सराहना की, जिसमें बड़ी संख्या में ‘लखपति दीदी’ शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं अब ‘करोड़पति दीदी’ बनने की ओर अग्रसर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार की कमी के कारण व्यवसाय प्रभावित होते हैं, लेकिन अब फोन के माध्यम से सामान बेचने की सुविधा से उन्हें लाभ होगा। इसके लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, ताकि ग्रामीण महिलाओं को बेहतर बाजार और डिजिटल संसाधनों तक पहुंच मिल सके। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि जनजाति दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य का दौरा करेंगे।