रायपुर। बिरनपुर हिंसा मामले में सीबीआई द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की टिप्पणी पर उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कम से कम अब कांग्रेस को सीबीआई पर भरोसा तो हुआ। जबकि अपने कार्यकाल में कांग्रेस ने पांच साल तक सीबीआई को बैन कर रखा था।
गृह मंत्री ने कहा कि सीबीआई ने चार्जशीट में सिर्फ एक बिंदु पर जांच की है, जबकि गांव वालों द्वारा उठाए गए कई तर्कों की जांच नहीं हुई। वहीं तोमर बंधु सहित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस के तंज पर विजय शर्मा ने जवाब दिया कि दुबई में बैठे आरोपियों के साथ कांग्रेस से जुड़े लोग भी हैं, कांग्रेस पहले यह बताए कि उनका क्या हुआ।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कुछ ही नेताओं की चलती थी, बाकी सबकी आवाज दबा दी जाती थी। उस समय कांग्रेस सत्ता के नशे में थी और प्रदेश की असली समस्याओं पर ध्यान ही नहीं देती थी।
विजय शर्मा ने एनडीपीएस मामलों पर कहा कि आज प्रदेश में चार-पांच साल पुराने केस भी खोले जा रहे हैं और आरोपियों की संपत्तियां अटैच की जा रही हैं। कांग्रेस राज में ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि किसी एक वर्ग पर कार्रवाई करने की बजाय सभी वर्गों से मिलकर काम करना जरूरी है।
गृहमंत्री ने जानकारी दी कि 28 से 30 अक्टूबर तक रायपुर में डीजी कांफ्रेंस का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो रात तीन दिन रहेंगे और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
अमित शाह के दौरे को लेकर शर्मा ने बताया कि शाह 3 अक्टूबर की रात को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। अगले दिन वे दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी माता के दर्शन करेंगे और स्वदेशी मेले में शामिल होंगे। इस दौरान मांझी मुड़िया पुजारी से उनकी चर्चा भी होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 से 14 अक्टूबर तक एसपी-कलेक्टर की बैठक लेंगे। शर्मा ने बताया कि यह नियमित बैठक है, जिससे आने वाले कार्यक्रमों पर सकारात्मक असर पड़ेगा। रायपुर में लागू होने वाली कमिश्नर प्रणाली को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्राफ्टिंग का काम चल रहा है। यह प्रणाली लागू होने पर पुलिस को अधिक अधिकार मिलेंगे और कामकाज की दक्षता बढ़ेगी।