0 युवा कांग्रेस का बड़ा आरोप, संचालक दफ्तर में किया प्रदर्शन
रायपुर। खेल संचालनालय में कथित घोटालों और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता सीधे संचालक तनूजा सलाम के चेंबर में पहुंच गए और कई सवाल पूछे। लेकिन संचालक ने किसी भी मुद्दे पर जवाब देने से इंकार कर दिया और वहां से निकल गईं। इस रवैये से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की और धरना दिया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग बीजेपी पदाधिकारियों के इशारे पर काम कर रहा है। भावेश शुक्ला ने कहा कि पूरे खेल विभाग को भाजपा बालोद के पदाधिकारी सौरभ लुनिया के माध्यम से चलाया जा रहा है। उनका आरोप है कि लूनिया संचालक की केबिन और अंदर के कमरे में बैठकर अधिकारियों को निर्देश देते हैं। यहां तक कि टेंडरों में अपनी पसंद के वेंडर्स को लाभ पहुंचाने का कार्य खुलेआम हो रहा है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ देर बाद सभी को बिना शर्त रिहा कर दिया गया। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि खेल संचालनालय की संचालक तनूजा सलाम को तत्काल बर्खास्त किया जाए। साथ ही विभागीय घोटालों और भाजपा पदाधिकारी सौरभ लूनिया के हस्तक्षेप की उच्च स्तरीय जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। युवा कांग्रेस ने कहा कि खेल विभाग खिलाड़ियों के भविष्य के लिए है, भाजपा नेताओं और अधिकारियों की दलाली के लिए नहीं। जब तक भ्रष्टाचार और दलाली खत्म नहीं होगी, तब तक विरोध जारी रहेगा। सौरभ लूनिया बालोद जिले के भाजपा नेता हैं और संचालक तनूजा सलाम से उनका संबंध तबसे है जब सुश्री सलाम दल्ली राजहरा में एसडीएम थीं।