कांग्रेस का भ्रामक प्रचार, जनता को गुमराह करने का प्रयास – संजय पाण्डे

0 कांग्रेस का काम भ्रम फैलाना और नकारात्मक राजनीति करना : संजय

जगदलपुर। बस्तर के सर्वमान्य आदिवासी नेता एवं वन मंत्री केदार कश्यप पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे निराधार एवं भ्रामक आरोपों को लेकर जगदलपुर महापौर संजय पाण्डे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए षड्यंत्र और झूठे प्रचार का सहारा लिया है। मंत्री श्री कश्यप के खिलाफ भी कांग्रेस ने ऎसी ही साजिश रची है।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा- कांग्रेस भली-भांति जानती है कि बस्तर में उसकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और यहां यदि किसी का सशक्त जनाधार है, तो वह भाजपा के आदिवासी नेता केदार कश्यप का है। कांग्रेस का यह दुर्भावनापूर्ण कृत्य केवल एक सौम्य, सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी आदिवासी नेता को बदनाम करने का प्रयास है। श्री केदार कश्यप का व्यवहार हमेशा विनम्र और सरल रहा है, वे जनसामान्य से सहजता से मिलते हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। यही कारण है कि बस्तर की जनता उन्हें अपना सच्चा नेता मानती है।महापौर संजय पांडे ने भानपुरी की घटना पर भी कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से भानपुरी स्थित मंत्री केदार कश्यप के निवास कार्यालय का घेराव कर वहां तोड़फोड़ की, पत्थरबाज़ी की और यहां तक कि ड्यूटी में तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, वह कांग्रेस की गुंडागर्दी और अराजक मानसिकता का प्रमाण है। सत्ता से बाहर होने की बौखलाहट में कांग्रेस अब हिंसक और असंवैधानिक रास्ता अख्तियार कर चुकी है। जनता इस कृत्य को कभी माफ नहीं करेगी और कांग्रेस की असली तस्वीर अब पूरी तरह सामने आ चुकी है।

कांग्रेस की फितरत है यह
महापौर संजय पाण्डेय ने कहा है कि झूठे आरोप लगाना, मनगढ़ंत कहानियां बनाकर सोशल मीडिया में फैलाना कांग्रेस की पुरानी फितरत है। मगर यह भी सत्य है कि केवल आरोप लगाने से आरोप साबित नहीं हो जाते। कांग्रेस का यह आचरण लोकतंत्र और जनभावनाओं के साथ छल करने जैसा है।

बस्तर के विकास से कांग्रेस विचलित
महापौर संजय पांडे ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ सहित बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। मंत्री केदार कश्यप निरंतर आदिवासी समाज के उत्थान और बस्तर के विकास के लिए कार्यरत हैं। उनका सौम्य और सरल व्यक्तित्व ही उन्हें जनता के और निकट ले आता है। यही कारण है कि कांग्रेस बस्तर की जनता से जुड़े मुद्दों पर पूरी तरह खाली हो चुकी है और केवल भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रही है।

नहीं आएगी कश्यप की छवि पर आंच

महापौर संजय पाण्डे ने कांग्रेस के हालिया धरना प्रदर्शन और घेराव की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का कोई भी हथकंडा मंत्री केदार कश्यप जैसे सौम्य और सहज व्यक्तित्व की छवि को प्रभावित नहीं कर सकता। कांग्रेस के टूल किट की सच्चाई जनता के सामने उजागर हो चुकी है। दरअसल, कांग्रेस के नेता दीपक बैज की लोकप्रियता में गिरावट और अपनी साख बचाने की मजबूरी में कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपना रही है, लेकिन इसमें उसे मुंह की खानी पड़ेगी। महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि बस्तर की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को न केवल नकारेगी, बल्कि भाजपा के प्रति अपने विश्वास को और मजबूती से दोहराएगी। श्री पांडे ने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस का अब बस्तर में कोई भविष्य शेष नहीं रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *