रायपुर पश्चिम को मिला आधुनिक शाला भवन, विधायक मुणत ने किया निरीक्षण – निर्माण की सराहना, खामियों पर नाराज़गी

रायपुर। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मुणत ने सुबह दानवीर भामाशाह वार्ड, गुढ़ियारी और टाटीबंध क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

सबसे पहले श्री मुणत ने ₹3.15 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित शाला भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक कक्ष का अवलोकन कर निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और नगर निगम अधिकारियों की सराहना की। साथ ही शाला भवन से सटी खाली भूमि पर डोम शेड बनाने के निर्देश दिए। भवन की देखरेख व स्वच्छता के लिए उन्होंने एक चौकीदार और सफाई कर्मचारी की तत्काल नियुक्ति का प्रस्ताव रखा।

इसके बाद विधायक मुणत ने गुढ़ियारी में निर्माणाधीन कॉलेज भवन का निरीक्षण किया, जहां धीमी रफ्तार से हो रहे कार्य पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कार्यपालक अभियंता राजीव नशीने को निर्देश दिया कि तेजी से कार्य पूरा करने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार करें।

निरीक्षण के दौरान मुणत टाटीबंध मिडिल स्कूल कैंपस भी पहुंचे, जहां प्रदेश का पहला मॉडल आंगनबाड़ी भवन तैयार हो रहा है। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और डिज़ाइन पर असंतोष जताते हुए इसे सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “मॉडल आंगनबाड़ी इतना आकर्षक और व्यवस्थित बने कि वह पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बने।”

उन्होंने परिसर की सीमांकन दीवार की मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानपाठक एवं जिला शिक्षा अधिकारी से समन्वय कर बने स्ट्रक्चर को व्यवस्थित रूप से जोड़ने की बात कही, ताकि बच्चों को मध्यान्ह भोजन, हाइजीन और मूलभूत सुविधाओं में कोई परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने वर्तमान वॉशरूम की खराब स्थिति पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि स्वीकृत ₹15 लाख की राशि से स्वच्छ और हाइजीनिक वॉशरूम बनाया जाए। यदि अतिरिक्त बजट की ज़रूरत पड़ी तो वह भी उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *