महारानी अस्पताल अव्यवस्था का शिकार हो गया है महारानी अस्पताल – हेमंत कश्यप

०  युवा कांग्रेस नेता हेमंत कश्यप ने सीएमएचओ को सौंपा ज्ञापन 
जगदलपुर। जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा है कि बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल में लगातार अव्यवस्था बढ़ रही है, मरीजों और उनके परिजनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अव्यवस्था दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बहाल करने की मांग को लेकर आज युवा नेता हेमंत कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस नेता हेमंत कश्यप ने कहा है कि महारानी अस्पताल बस्तर संभाग का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, मगर वहां बुनियादी सुविधाओं का सर्वथा अभाव है। मरीजों को समय पर इलाज, दवाइयां नहीं मिलती और आवश्यक जांच की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में साफ सफाई की स्थिति भी बेहद खराब है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। वहीं डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण मरीजों को सही उपचार नहीं मिल पा रहा है। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीब और ग्रामीण अंचलों से आने वाले लोग महारानी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगती है और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति बेहद गंभीर है और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल संज्ञान लेकर सुधारात्मक कदम उठाना चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से प्रमुखतः अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक दवाइयां और उपकरण हर समय उपलब्ध रखवाने, अस्पताल परिसर की नियमित सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित कराने, आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे सुचारु रूप से संचालित कराने, आभा ऐप से मरीजों को हो रही असुविधा का तत्काल निराकरण करने की मांगें रखी गई हैं। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सुधार नहीं किया गया, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय बसाक ने मामले को संज्ञान मे लेते हुए तीन दिवस के अंदर वयवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान हेमंत कश्यप, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव गंगा सोरी, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव मनोहर सेठिया, एनएसयूआई ब्लाक अध्यक्ष एडविन, यूनिवर्सिटी अध्यक्ष पंकज केवट और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।सभी ने महारानी अस्पताल की अव्यवस्था पर अपनी नाराज़गी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *