रायपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का आठवां राज्य सम्मेलन 26 और 27 जुलाई 2025 को रायपुर के छत्तीसगढ़ी अग्रवाल भवन के इंद्रजीत सिंह हॉल में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं राष्ट्रीय सचिव मण्डल सदस्य कॉमरेड एनी राजा तथा छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी और राज्यसभा सांसद पी. संदोष कुमार की उपस्थिति में किया गया।
सम्मेलन की शुरुआत वयोवृद्ध श्रमिक नेताओं सी.आर. बक्शी और आरडीसीपी राव द्वारा झंडा रोहण और शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर क्रांतिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पूरे हॉल में कार्यकर्ताओं ने “लाल सलाम” और “इंकलाब ज़िंदाबाद” के नारों से वातावरण गरम कर दिया।
उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ की विभिन्न वामपंथी पार्टियों के प्रदेश और राष्ट्रीय नेताओं ने भाग लिया। राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड एनी राजा, राज्य प्रभारी पी. संदोष कुमार, सीपीएम के धर्मराज महापात्रा, सीपीआईएमएल रेड स्टार के तुहिन देव, सीपीआईएमएल के नरोत्तम शर्मा और अन्य नेताओं ने फासीवादी संकट के दौर में वामपंथी एकता को मजबूत करने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आह्वान किया।
सम्मेलन के संचालन हेतु अध्यक्ष मंडल का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें राजेश संधू, पवन कुमार वर्मा, मंजू कवासी, जितेंद्र सोरी, रामूराम मौर्य और शैलेश शुक्ला को चुना गया। प्रदेश सहायक सचिव सत्यनारायण कमलेश ने सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित 18 प्रमुख साथियों के सुझावों के आधार पर संशोधित कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों में छात्र-युवा, मजदूर-किसान, महिला, दलित-आदिवासी, अल्पसंख्यक, पर्यावरणीय मुद्दों और जल-जंगल-जमीन के सवालों पर गंभीर विचार विमर्श हुआ। प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कॉमरेड लखन सिंह ने क्रेडेंशियल रिपोर्ट प्रस्तुत की। 205 उपस्थित प्रतिनिधियों में से 173 ने क्रेडेंशियल फॉर्म जमा किया, जिनमें आधे से अधिक छात्र और युवा थे। राजनीतिक आंदोलनों में जेल जाने वालों की संख्या 20 रही, जिसमें पवन शर्मा (बिलासपुर) 22 बार, वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश सिंह 17 बार, डॉ. सोम गोस्वामी 19 बार जेल गए।
इसके बाद 51 सदस्यीय नवीन राज्य परिषद और कंट्रोल कमीशन का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। सचिव मंडल के 13 सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ, जिसमें के. साजी को राज्य सचिव चुना गया। नवनिर्वाचित राज्य सचिव के. साजी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर राज्य में पार्टी को मजबूत करने और जन आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। अध्यक्ष मंडल ने सम्मेलन की सफलता के लिए कार्यरत सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन का समापन किया।