रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने आज नगर निगम जोन 4 कार्यालय में पार्षदों के साथ कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। विधायक सुनील सोनी ने मुख्य मार्गों पर पेयजल पाइपलाइन के ऊपर डाली गई केबल लाइन को अलग करने का अभियान चलाने, पुरानी और नई पाइपलाइन को जोड़कर पानी की समस्या का समाधान करने, दीवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाईट जलाने और वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजनों की समस्याओं को त्वरित रूप से सुनकर उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने और पार्षदों के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा रावणभाठा फिल्टर प्लांट और अमृत मिशन योजना के कार्यों की जानकारी लेते हुए पानी टंकियों में जल का पर्याप्त भरण सुनिश्चित करने और नागरिकों को नियमित जल आपूर्ति देने पर जोर दिया।
दक्षिण विधायक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और वार्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण के जरिए समस्याओं का त्वरित निदान किया जाए।
बैठक में जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, ब्राह्मणपारा वार्ड पार्षद अजय साहू, मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड पार्षद अर्जुमन ढेबर, एमआईसी सदस्य प्रतिनिधि संतोष हियाल, राज्य विद्युत पावर कंपनी के अधिकारी, जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव, उप अभियंता पी. राजेश नायडू, कार्यपालन अभियंता फिल्टर प्लांट नर सिंह फरेन्द्र और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि जोन 4 के सभी वार्डों में सफाई, पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सेवा मिल सके।