नक्सलियों को करारा झटका, 21 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 13 पर था 25.5 लाख का इनाम

दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग में नक्सली संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘लोन वर्राटू’ अभियान ने माओवादियों को बड़ा झटका दिया है। इस अभियान के प्रभाव से प्रेरित होकर दंतेवाड़ा जिले में 21 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों में से 13 पर कुल 25 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी अपने-अपने क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। ये नक्सली ‘नक्सली बंद सप्ताह’ के दौरान सड़कें खोदने, पेड़ काटने, नक्सली बैनर, पोस्टर और पाम्प्लेट लगाने जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त थे।

‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रशासन द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पण और पुनर्वास की नीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता और मुख्यधारा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस घटना से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *