रायपुर में वोट चोरी का आरोप: कांग्रेस ने बीजेपी विधायकों पर साधा निशाना, निर्वाचन शून्य करने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने “वोट चोर गद्दी छोड़” आंदोलन के तहत रायपुर शहर की विधानसभा सीटों पर वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी विधायकों राजेश मूणत और संपत अग्रवाल पर एक से अधिक वोटर आईडी रखने का दावा किया। कांग्रेस ने इस मामले में निर्वाचन आयोग से शिकायत करते हुए दोनों विधायकों का निर्वाचन शून्य करने की मांग की है।

दोहरे वोटर आईडी का आरोप

रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि बीजेपी विधायक संपत अग्रवाल और उनके परिवार का नाम रायपुर दक्षिण और बसना की मतदाता सूची में दर्ज है, जिसमें अलग-अलग एपिक नंबर हैं। इसी तरह, विधायक राजेश मूणत का नाम रायपुर उत्तर और पश्चिम दोनों विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट में है, और दोनों जगह उनके अलग-अलग एपिक नंबर हैं। मूणत की पत्नी का भी दो विधानसभाओं में अलग-अलग एपिक नंबर के साथ नाम दर्ज है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मूणत ने अपने शपथ पत्र में केवल पश्चिम विधानसभा में नाम होने की बात उल्लेख की, जो भ्रामक है।

वोट चोरी से बदले परिणाम का दावा

विकास उपाध्याय ने दावा किया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी के बावजूद, बीजेपी और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से परिणाम बदले गए। उन्होंने प्रजेंटेशन के जरिए दिखाया कि कई व्यक्तियों के दो-दो एपिक नंबर से अलग-अलग वार्डों में नाम दर्ज हैं। उदाहरण के तौर पर, एक महिला संध्या लहरे का नाम रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चार अलग-अलग जगहों पर दर्ज है। उपाध्याय ने रायपुर ग्रामीण, उत्तर, दक्षिण, धरसीवां सहित प्रदेश की कई सीटों पर वोट चोरी का आरोप लगाया।

शपथ पत्र हटाने का आरोप

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट से संपत अग्रवाल का शपथ पत्र हटा लिया गया, जबकि कुछ ही देर पहले प्रोजेक्टर पर मूणत और अग्रवाल के शपथ पत्र दिखाए गए थे। उन्होंने कहा कि ओडिशा, बिहार जैसे राज्यों के लोग छत्तीसगढ़ और अपने मूल राज्य दोनों जगह वोट डाल रहे हैं। दुबे ने इस मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

निर्वाचन आयोग को शिकायत

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलने पहुंचा। उन्होंने रायपुर की विधानसभाओं में वोट चोरी की शिकायत दर्ज की और विधायक राजेश मूणत व संपत अग्रवाल का निर्वाचन शून्य करने की मांग की। कांग्रेस ने दोनों विधायकों पर निर्वाचन आयोग को भ्रामक जानकारी देने का भी आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, ग्रामीण अध्यक्ष उधो वर्मा, रायपुर उत्तर के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, रायपुर ग्रामीण से विधायक प्रत्याशी पंकज शर्मा, पूर्व निगम सभापति प्रमोद दुबे सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *