
जगदलपुर। JCI जगदलपुर सिटी द्वारा रविवार सुबह “Ride & Rise साइकिल रैली” का भव्य आयोजन किया गया। यह अब तक जिले में छात्रों के लिए आयोजित सबसे बड़ी साइकिल रैली रही, जिसमें विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस रैली में कक्षा 5वीं से 9वीं तक लगभग 500 छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का मार्ग शहर के प्रमुख चौक–चौराहों से होते हुए लगभग 6.5 किलोमीटर लंबा रहा। सुबह 7 बजे से पंजीयन प्रारंभ हुआ और ठीक 7:45 बजे मुख्य अतिथि द्वारा फ्लैग ऑफ कर रैली की शुरुआत की गई। इस अवसर पर छात्रों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कुल मिलाकर 1000 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप्ती कॉन्वेंट स्कूल की बैंड टीम द्वारा राष्ट्रीय गान से हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवासराव मद्दी, नगर महापौर संजय पांडे, पूर्व विधायक रेखचंद जैन तथा बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर के पार्षद कुबेर देवांगन एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया। सभी अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया और JCI जगदलपुर सिटी की सराहना की।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने फिटनेस को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे निरंतर खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी ही देश का भविष्य है और यदि वह खेलों में सक्रिय भागीदारी करेगी तो निश्चित रूप से समाज और राष्ट्र प्रगति की राह पर आगे बढ़ेंगे। अतिथियों ने इस आयोजन को प्रेरणादायी पहल बताते हुए इसकी निरंतरता बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि साइकिलिंग जैसी गतिविधियाँ बच्चों को न केवल प्रकृति के करीब लाती हैं, बल्कि उनमें टीम भावना, अनुशासन और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रवृत्ति भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान शहर के वरिष्ठ नागरिक संजय दीवान, राहुल पारेख, मनोज थॉमस, हनुमान डोडिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं JCI जगदलपुर टीम से अध्यक्ष प्रतिक चिखलिकार, सचिव गौरव डोडिया, कार्यक्रम निदेशक विशाल दुल्हानी, आकाश गुप्ता, तक्ष लुंकड, टीम सदस्य नितेश सिंह चौहान, श्रीपाल जैन, आकाश चांडक, अनिल माद्दी, नरेंद्र लाहोटी, सूरज कश्यप, विपिन मालवीय, गौतम पारेख, पियूष हेळीवाल, गौतम राव, कुंदन चंदक, यश बोथरा और अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजक मंडल ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में पुलिस विभाग, ट्रैफिक विभाग और स्वास्थ्य विभाग का विशेष सहयोग मिला, जिसकी वजह से पूरे मार्ग पर सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सका।
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार आदित्य विश्वकर्मा को ₹11,000 नगद, द्वितीय पुरस्कार प्रखर आजाद को ₹7,000 नगद और तृतीय पुरस्कार हिमांशु कश्यप को ₹5,000 नगद प्रदान किया गया। इसके अलावा कई प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सहायक पुरस्कार भी दिए गए।
“Ride & Rise” साइकिल रैली छात्रों के लिए एक यादगार अनुभव रही और इसने पूरे जिले में यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और अनुशासनपूर्ण जीवन ही सफलता की कुंजी है। यह आयोजन निश्चित रूप से बस्तर जिले में फिटनेस और खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाला साबित होगा।