
बीजापुर। जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना पामेड़ और तर्रेम क्षेत्र में संयुक्त अभियान के तहत माओवादियों द्वारा बनाए गए शहीद स्मारक को ध्वस्त कर दिया गया, साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। जानकारी के मुताबिक, कोबरा 208, केरिपु 228, और कोबरा 203 की संयुक्त टीम ने पामेड़ थाना क्षेत्र के उड़तामल्ला जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान माओवादियों द्वारा बनाया गया एक शहीद स्मारक ढूंढकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, तर्रेम थाना क्षेत्र के कोमटपल्ली जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल और केरिपु की 170वीं बटालियन ने सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षाबलों को चट्टानों के बीच छिपाई गई नक्सलियों की सामग्री मिली, जिसमें निम्नलिखित वस्तुएं शामिल थीं – भरमार बंदूक,बीजीएल राउंड-रॉड और बीजीएल पार्ट्स,विस्फोटक बनाने की सामग्री (PEK, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर),एम्युनेशन पाउच,विभिन्न आकार के प्रेशर कुकर आरी ब्लेड और स्पीकर। इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के अस्थायी कैंप और ट्रेनिंग कैंपों को भी नष्ट किया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
सुरक्षाबलों की निरंतर गश्त और सर्च अभियानों से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। स्थानीय लोगों में विश्वास जगा है कि माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और सुरक्षाबल प्रतिबद्ध हैं।