जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर व ग्रामीण) के संयुक्त नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन गीदम रोड स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व आमजन शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने हाफ बिजली बिल योजना के तहत 400 यूनिट तक की छूट को वापस लिए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया और सरकार से योजना को पूर्ववत लागू करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से छल कर रही है और आम जनता को मिलने वाली राहत योजनाओं को एक-एक कर बंद किया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही बिजली बिल हाफ योजना की सीमा को पुनः लागू नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।