बीईओ भारद्वाज का निलंबन आदेश हाईकोर्ट से निरस्त; फिर से सम्हालेंगे जगदलपुर खंड शिक्षा अधिकारी की कुर्सी

0 प्रभारी बीईओ वापस भेजे जाएंगे मूल संस्था में 

0 चार अतिशेष शिक्षकों का पदस्थापना आदेश भी किया गया निरस्त 

जगदलपुर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगदलपुर मानसिंह भारद्वाज के निलंबन आदेश को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। श्री भारद्वाज अब फिर से यहां बीईओ की कुर्सी सम्हालेंगे। प्रभारी बीईओ को उनकी मूल संस्था में वापस भेजा जाएगा। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने युक्तियुक्तकरण के तहत की गई चार शिक्षकों की पदस्थापना के आदेश को रद्द कर दिया है।
उल्लेखनीय है प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन द्वारा 6 जून को युक्तियुक्तकरण के लिए शिक्षकों और स्कूलों की गलत जानकारी देने एवं बैठक में उपस्थित न होने के आरोप में जगदलपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी मानसिंह भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया था। उस समय श्री भारद्वाज पारिवारिक शोक कार्यक्रम के सिलसिले में मध्यप्रदेश के सिवनी गए हुए थे। प्रशासन की इस कार्रवाई की वजह से उन्हें यह कार्यक्रम बीच में छोड़कर जगदलपुर लौटना पड़ा था। अपने निलंबन को चुनौती देते हुए मानसिंह भारद्वाज ने बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मानसिंह भारद्वाज याचिका की सुनवाई करने के बाद हाईकोर्ट की डबल बेंच द्वारा उनका निलंबन आदेश निरस्त कर उन्हें पुनः उसी कार्यालय में पदस्थ करने का शासन को आदेश शासन को दिया गया है। कोर्ट से मिली इस बड़ी राहत के बाद श्री भारद्वाज जगदलपुर बीईओ कार्यालय में आज ज्वाईनिंग देने पहुंचे। प्रभारी बीईओ अनिल दास की अब वहां छुट्टी होना तय है। उन्हें उनकी मूल संस्था में वापस भेजा जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी मानसिंह भारद्वाज के निलंबन के बाद उनके स्थान पर अनिल दास को प्रभारी बीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। श्री भारद्वाज ने बताया कि 28 जुलाई को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने निलंबन आदेश निरस्त कर दिया है। श्री भारद्वाज ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार आज बीईओ कार्यालय में अपनी ज्वाइनिंग देंगे। अब देखना होगा कि कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन आहरण एवं वितरण का अधिकार किसे देता है।

4 शिक्षकों की पदस्थापना निरस्त
राज्य शासन द्वारा चलाई गई शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत भारी तादाद में शिक्षक प्रभावित हुए थे। शिक्षकों की नई जगहों के लिए पदस्थापना आदेश जारी किए गए थे। स्कूलों में अतिशेष शिक्षक होने पर उनकी दूसरे स्कूलों में पदस्थापना की गई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने 4 अतिशेष शिक्षकों की पदस्थापना के आदेश को निरस्त करते हुए उन्हें उनकी पूर्व संस्थाओं में भेजने का नया आदेश जारी किया है। इनमें अतिशेष सहायक शिक्षिका एलबी शशि किस्पोट्टा को प्राथमिक शाला मांझीगुड़ा जगदलपुर ब्लॉक से बस्तर ब्लॉक के बागबाहर रोतमा पदस्थ किया गया था। वीणा गुप्ता को बस्तर विकासखंड के भानपुरी भेजा गया था। श्रृंखला पाढ़ी को विवेकानंद विद्यालय जगदलपुर से बस्तर बागमोहलई भेजा गया था। हरदीप कौर को प्राथमिक शाला खूंटपदर से बकावंड विकासखंड के पाहुरबेल में पदस्थापना का आदेश जारी किया गया। इनके द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदनों के परीक्षण उपरांत स्वास्थ्यगत कारणों का हवाला देते हुए अतिशेष शिक्षक स्थापना आदेश निरस्त कर उन्हें पूर्व में पदस्थ शालाओं में यथावत रखने के लिए आदेश जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *