जेबेल से चिन्दगांव तक निकली भव्य कावड़ यात्रा, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

बस्तर। सावन सोमवार के पावन अवसर पर जहां देशभर में शिव भक्तों की भीड़ शिवालयों में उमड़ती है, वहीं बस्तर के दूरस्थ अंचल जेबेल से चिन्दगांव तक पहली बार भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सावन के तीसरे सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे श्रद्धा के साथ शामिल हुए।

इस ऐतिहासिक आयोजन में कावड़ यात्रियों ने जेबेल की पवित्र मार्कण्डेय नदी से जल भरकर, लगभग 4 किलोमीटर पैदल चलकर चिन्दगांव के शिव मंदिर में जल अर्पित किया। यात्रा मार्ग पर “जय भोलेनाथ” के नारों से वातावरण गूंज उठा। सभी श्रद्धालु उत्साह और भक्ति में लीन नज़र आए, मानो उन्हें दूरी का कोई आभास ही न हो।

यात्रा ग्राम के मुख्य मार्ग से होकर निकाली गई, जिसमें जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने घरों से बाहर निकलकर इस अनोखे आयोजन का स्वागत किया और भक्ति भाव से सहभागी बने।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जाबीता मंडावी, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अर्जुन पांडे, मंडल महामंत्री विषम ठाकुर, मोहित पांडे, हेमलाल सूर्यवंशी, कुमारी देवांगन, रवीना यादव, ममता यादव एवं पिटाई बाई सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय ग्रामीणों का भरपूर सहयोग देखने को मिला, जिन्होंने पूरे आयोजन को भक्तिमय और अनुशासित रूप से संपन्न किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *