सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोंटा और भेज्जी क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में कुल 6 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो इनामी नक्सली भी शामिल हैं।
कोंटा थाना क्षेत्र से पकड़े गए दो नक्सलियों में एक पर ₹2 लाख और दूसरे पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, ये दोनों नक्सली वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान एक मतदान केंद्र में फायरिंग की घटना और 2024 में गंगराजपाड़ गांव के निवासी ताती बुधरा की हत्या में शामिल थे।
भेज्जी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री बरामद
वहीं भेज्जी थाना क्षेत्र से पकड़े गए नक्सलियों के कब्जे से सुरक्षा बलों ने विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे किसी बड़ी नक्सली साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
संयुक्त बलों का सफल ऑपरेशन
इस कार्रवाई को कोंटा और भेज्जी थाना पुलिस, जिला बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 218वीं और 219वीं बटालियन ने मिलकर अंजाम दिया। अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी मुहिम की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।