
0 16 जुलाई से शुरू होगा भव्य महोत्सव
0 40 दिनों तक बहेगी आराध्य की भक्तिधारा
जगदलपुर। सिंधी समाज के अराध्य देव सांई झूलेलाल जी का चालिहा साहिब व्रत महोत्सव पिछले वर्ष की तरह 16 जुलाई से आरंभ होकर 24 अगस्त तक चलेगा। यह व्रत महोत्सव 40 दिनों का होता हैं। 40 दिनों तक अखंड ज्योत प्रज्जवलित होंगी।
सिंधी पंचायत के मुखी मनीष मूलचंदानी ने जानकारी दी है कि चालिहा साहिब उत्सव 16 जुलाई से शुरू होकर 40 दिनों तक चलने वाला सिंधी समाज का प्रमुख धार्मिक उत्सव है। यह उत्सव सिंधी समुदाय के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। इस दौरान भक्त 40 दिनों का उपवास रखते हैं और भगवान झूलेलाल की पूजा-अर्चना करते हैं। विगत दिवस साईं झूलेलाल साहिब चालिहा उत्सव 2025 आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया। सिंधी समाज के वरिष्ठ सदस्य पूर्व सचिव सुरेश पोटानी ने बताया कि साई झूलेलाल साहिब चालिहा उत्सव सिंधी समुदाय द्वारा मनाया जाने वाला 40 दिवसीय कार्यक्रम होगा, जो जल के देवता भगवान झूलेलाल को समर्पित होगा। यह चालिहा उत्सव 16 जुलाई से शुरू होगा है। इस दौरान 40 दिनों तक उपवास, प्रार्थना और विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। यह उत्सव मटकी मेले के साथ समाप्त होता है, जहां व्रत पूरा करने वाले भक्त जल में मटकी के विसर्जन जैसे अनुष्ठानों में भाग लेंगे। सिंधी गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष सुंदर भोजवानी ने बताया साई झूलेलाल साहिब चालीहा उत्सव बड़े हर्ष और उल्लास के साथ पूर्व वर्ष की भांति मनाया जाएगा। घर घर गूंजेगा श्री झूलेलाल भगवान का जयकारा। सिंधी पंचायत के प्रमुख सलाहकार संजय नात्थानी चालिहा साहिब उत्सव 2025 की समिति के मुख्य सेवक हैं. समिति में इस बार सुनील दंडवानी, गुलशन माधवानी, सुरेश मेठानी संकल्पधारी होंगे। प्रतिदिन की आरती में सुबह शाम फल फूल की सेवा विजय बसंतवानी, अमित गोविंदानी की होगी। चालिहा उत्सव में प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी सुहिणी सोच महिला विंग सदस्यों की होगी। प्रतिदिन संध्या लंगर प्रसाद वितरण की सेवा सिंधी नवयुवक मंडल सदस्य व जय झूलेलाल टीम सदस्यों द्वारा दी जाएगी। प्रतिदिन प्रसाद व लंगर सेवा के लिए समाज के सचिव हरेश नागवानी से संपर्क करना होगा। सांस्कृतिक संध्या की जिम्मेदारी किशोर मनवानी, बृजलाल नागवानी, रिया दूल्हानी, वर्षा राजपाल को दी गई है। आस की मटकी प्राप्त करने हेतु कैलाश दंडवानी व रेशमा भोजवानी से संपर्क करना होगा। पूजन सामाग्री क्रय हेतु संजय नात्थानी व जितेंद्र नागरानी की जिम्मेदारी रहेगी। 23 अगस्त को पल्लव की रात व 24 अगस्त की बहराणा साहिब पूजन के लिए धमतरी से भाई साहब हितेश जिज्ञासी व रोशनी जिज्ञासी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। चालीहा उत्सव के अंतिम दिवस 24 अगस्त को साई झूलेलाल भव्य शोभायात्रा की जवाबदारी नवयुवक मंडल की होगी। सिंधी समाज सचिव हरेश नागवानी ने बताया है कि सांई झूलेलाल साहिब के उत्सव में श्री झूलेलाल मंदिर धमतरी सेवा मंडल द्वारा प्रथम दिवस 16 जुलाई को श्री झूलेलाल भजन संध्या की प्रस्तुति से आयोजन की शुरुआत होगी।