रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का मोबाइल फोन चोरी हो गया। इस घटना से पार्टी में हड़कंप मच गया है। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर करारा हमला बोला।
उपमुख्यमंत्री ने कहा जब कांग्रेस के अपने ही कार्यालय के भीतर पार्टी की बैठक के दौरान ऐसा हादसा हो सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा का जिम्मा ये कैसे उठा सकते हैं? उन्होंने इसे कांग्रेस की आंतरिक अव्यवस्था का प्रतीक बताते हुए कहा जब अंदर ही गड़बड़ है, तो बाहर क्या होता होगा – यह सोचने की बात है।
विजय शर्मा ने इस घटना को कांग्रेस की गिरती कार्यसंस्कृति से जोड़ते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संस्कार सुधारने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अब तक अपने प्रदेश कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने से बच रही है, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठते हैं।
भाजपा नेत्री राधिका खेड़ा द्वारा कांग्रेस कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गए सवालों को लेकर भी विजय शर्मा ने समर्थन जताया। उन्होंने याद दिलाया कि राधिका खेड़ा के साथ हुई पूर्व घटना भी गंभीर थी, जिसकी शिकायत उन्होंने खुद दर्ज कराई थी।
शर्मा ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार जल्द ही ऐसा कानून लाने जा रही है, जिसके तहत सार्वजनिक और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।
खड़गे के बयान पर भी निशाना
विजय शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया छत्तीसगढ़ दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे बार-बार सनातन परंपरा और मूल्यों का अपमान करते हैं, ऐसे व्यक्ति का स्वागत किया जाना उचित नहीं है।
मुख्य सचिव के रिटायरमेंट पर सराहना
मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सेवानिवृत्ति पर उपमुख्यमंत्री ने उनके प्रशासनिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती दी। शर्मा ने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश का प्रशासनिक नेतृत्व राज्य को सकारात्मक दिशा में आगे ले जाएगा।