भोपालपटनम में फिर चले हम अभियान शाला प्रवेश उत्सव

भोपालपटनम। “फिर चले हम अभियान 2025-26” के तहत भोपालपटनम विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बैडमिंटन इंडोर हॉल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता कुड़ेम मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जनपद उपाध्यक्ष नीलम गणपतराव अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। संतोष कुमार बोरे नगर पंचायत उपाध्यक्ष, जया चिंडेम महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, गिरजा शंकर तामडी मंडल महामंत्री, अरुण कुमार भगत, उगेंद्र वासम, साई कुमार चेट्टी, मुरली मनोहर चांडक, शेखर रज्जाक, विजार खान एवं भवानी कोंड्रा विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। राज्य गीत गाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कंडिक नारायण एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एटला श्रीनिवास, मंडल संयोजक अंगद राव चिंतूर सहित अन्य अधिकारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। शिक्षा अधिकारी ने स्वागत भाषण में सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों, पालकों, शिक्षकों व नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं और शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों की जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अध्यक्ष ने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, विद्यालय और गांव का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। भाजपा कार्यकर्ता साईं कुमार चेट्टी ने बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और नियमित स्कूल भेजने की अपील की।

गिरजा शंकर तामडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रूप से फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर, मिष्ठान्न खिलाकर, गणवेश व पाठ्यपुस्तक प्रदान कर शाला प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कक्षा 12वीं में डिप्पी चेताल, भव्या ईराबोइना स्वामी आत्मानंद स्कूल भोपालपटनम, कक्षा 10वीं से जाहनवी झाड़ी गुल्लागुड़ा, जाह्नवी ईश्वरोज मद्देड़, कक्षा 8वी से हंसिका मिच्छा, प्रथा पालडुगुला भोपालपटनम, कक्षा 5वीं से रोशनी कावटी मद्देड़, शैलेश कुमार वेलादी बालक आश्रम एडापल्ली का सम्मान हुआ।तरलागुड़ा के विद्यार्थियों द्वारा तेलुगु, गोंडी और छत्तीसगढ़ी गीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल आनंदमय हो गया। तिथियों ने छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार भी वितरित किए। अंत में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम उपरांत स्वरुचि भोज की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर खंड स्रोत समन्वयक, प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, पालकगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन मकबूल अहमद एवं संजय चिंतूर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *