7 जुलाई को रायपुर में ‘‘किसान, जवान, संविधान’’ सभा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे संबोधित

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में 7 जुलाई को कांग्रेस पार्टी ‘‘किसान, जवान, संविधान’’ शीर्षक से एक विशाल जनसभा का आयोजन करेगी। इस सभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट संबोधित करेंगे।
राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एआईसीसी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने इस सभा की जानकारी देते हुए प्रदेश नेतृत्व की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में संगठन जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्षरत है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की भी प्रशंसा की और कहा कि वे सदन के भीतर और बाहर जनता की आवाज मुखरता से उठा रहे हैं।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला

सचिन पायलट ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ वर्ष में 17 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं बंद की गईं, फिर भी राज्य पर ₹37,000 करोड़ से अधिक का कर्ज बढ़ा है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है, एसपी और कलेक्टर कार्यालयों में आगजनी हुई, हत्या, बलात्कार, लूट जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।

पायलट ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में भारी वृद्धि हुई है। भाजपा सरकार ने 5 वर्षों में 1 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन डेढ़ वर्ष में कोई ठोस भर्ती प्रक्रिया नहीं शुरू की गई। 33,000 शिक्षकों के पद रिक्त हैं और बस्तर कनिष्ठ चयन बोर्ड लगभग निष्क्रिय हो चुका है।

शिक्षा व्यवस्था पर चोट: 10,463 स्कूल बंद

प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार द्वारा ‘‘युक्तियुक्तकरण’’ के नाम पर 10,463 स्कूल बंद करने के निर्णय को रोजगार और शिक्षा विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि इससे 45,000 से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त हो जाएंगे, जिससे खासतौर पर बस्तर और सरगुजा जैसे आदिवासी अंचलों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी।

किसान परेशान, खाद-बीज की भारी किल्लत

पायलट ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन किसानों को डीएपी और बीज की भारी कमी से जूझना पड़ रहा है। राज्य में 3 लाख मीट्रिक टन डीएपी की आवश्यकता है, जबकि अब तक केवल 80 हजार मीट्रिक टन ही वितरित किया गया है। सरकार न तो डीएपी दे पा रही है, न ही विकल्प के रूप में एनपीके की समुचित आपूर्ति कर पा रही है।

रेत और शराब माफिया बेलगाम

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत माफिया का आतंक चरम पर है। खनिज विभाग के अधिकारियों पर हमले, पत्रकारों की पिटाई और पुलिसकर्मियों की हत्या तक की घटनाएं सामने आ रही हैं। बिना राजनीतिक संरक्षण के ऐसा संभव नहीं है। इसी तरह, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में छत्तीसगढ़ अवैध शराब कारोबार का केंद्र बन गया है। पान ठेलों और किराना दुकानों तक में शराब बिक रही है। भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन अब सरकार में आने के बाद यह मुद्दा पूरी तरह भुला दिया गया है।

बिजली कटौती और दरों में वृद्धि

पायलट ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर था और 23 घंटे तक बिजली की आपूर्ति होती थी। अब प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती और दरों में कई बार वृद्धि हो चुकी है।

भाजपा पर लगाया दमन का आरोप

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है, लेकिन पार्टी इसका डटकर मुकाबला करेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, धनेन्द्र साहू, मोहन मरकाम, सुशील आनंद शुक्ला, देवेन्द्र यादव, विकास उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *