सारंगढ़-बिलाईगढ़। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने सारंगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय सह संसाधन केंद्र भवन का लोकार्पण किया। 44 लाख 72 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का उद्घाटन विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में विधायक उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक शमशेर सिंह, केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे, सुभाष जालान, अजय गोपाल, शिवकुमारी चौहान, दिनेश जांगड़े, मनोज जायसवाल, नोडल अधिकारी प्रखर चंद्राकर और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य बातें:
- प्रभारी मंत्री और अतिथियों ने भवन का अवलोकन किया और इसे महिलाओं व बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित किया।
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
- पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां प्रदान की गईं।
- दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल भी वितरित की गई।
प्रभारी मंत्री का संबोधन:
मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में भारतभूमि के महापुरुषों जैसे महाराणा प्रताप, शिवाजी और स्वामी विवेकानंद का स्मरण करते हुए कहा कि उनके संस्कार उनकी माताओं से ही प्राप्त हुए थे। उन्होंने माताओं की भूमिका को बच्चों के संस्कारों और चरित्र निर्माण में सबसे अहम बताया।
मंत्री ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारा राज्य 2047 तक विकसित राज्य के रूप में स्थापित होगा।” उन्होंने भारतीय संस्कृति, इतिहास और ग्रामीण जीवन की गरिमा का बखान करते हुए कहा, “चंदन है इस देश की धरती, तपोवन भूमि हर ग्राम है। हर नारी देवी की प्रतिमा, बच्चा-बच्चा राम है।”
महिला एवं बाल विकास पर जोर:
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए आंगनबाड़ी के माध्यम से निरंतर प्रयासों को सराहा गया। यह भवन जिले में महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए कार्य करने वालों के लिए एक मजबूत संसाधन केंद्र साबित होगा।