रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से जनता के साथ साझा किया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “हमारे सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मैं अपने मंत्रिमंडल के साथियों, संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। जनता का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने हमें ऐतिहासिक जनादेश देकर छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा का अवसर दिया।” उन्होंने इस एक वर्ष को “विश्वास का साल” बताते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उनकी सरकार ने अविश्वास के माहौल को खत्म कर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की है।
सुशासन और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुशासन की मिसाल पेश करते हुए सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई, गुनहगारों पर कार्रवाई की, किसानों के हित में फैसले लिए, और गरीबों को पीएम आवास उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा, “हमने धान का कटोरा भरा, महतारियों का वंदन किया, और युवाओं के साथ न्याय किया। मोदी की गारंटी में किए गए वादों को हमने एक साल में पूरा करने का सौभाग्य प्राप्त किया।”
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरकार को दी बधाई
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुख्यमंत्री और पूरी सरकार को एक साल की उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “आज से ठीक एक साल पहले विष्णुदेव साय सरकार का गठन हुआ था। जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया और हम इसे पूरा करने में सफल रहे। हमारा नारा ‘हमने बनाया, हम ही सवारेंगे’ आज साकार हो रहा है।”