अकेले भाजपा के नहीं, हम सबके आराध्य हैं भगवान श्री रामचंद्र : पीसीसी चीफ दीपक बैज

0 मंत्री रामविचार के बयान पर बैज का पलटवार 
0 महिलाओं का अपमान करना भाजपा की संस्कृति 
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी भगवान श्रीराम के नाम का इस तरह इस्तेमाल कर रही है मानो उसने भगवान का भी पेटेंट करा लिया है। श्री बैज ने कहा कि भगवान श्री रामचंद्र अकेले भाजपा के नहीं, हम सबके आराध्य हैं, राक्षसी प्रवृत्ति के लोग तो भाजपा में भरे पड़े हैं, जो बार बार महिलाओं का अपमान करते रहते हैं।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने ये बातें प्रदेश की साय सरकार में केबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कही है। बस्तर संभाग के कांकेर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बालोद प्रवास पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महिलाओं का अपमान करना भाजपा की संस्कृति का हिस्सा है। यह सिर्फ आज की बात नही इससे पहले भी लोकसभा के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेत्री रेणुका चौधरी को सूर्पनखा कहा था। हमारी नेता सोनिया गांधी के प्रति भी अभद्र भाषा का प्रयोग भाजपा के नेताओं द्वारा किया जा चुका है। महिलाओं का अपमान आसुरी प्रवित्ति के परिचयक है। जिस तरह असुर रावण ने माता सीताजी का अपमान किया था, वैसा ही मातृशक्ति का अपमान भाजपा के नेता कर रहे हैं। सारे असुर तो भाजपा में भरे पड़े हैं। वहीं दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है, जिसे लेकर भाजपा के नेता जनता के पास जा सकें। इसलिए अशोभनीय बयानबाजी कर रहे हैं। दीपक बैज ने कहा कि अपनी डूबती नैय्या को पार लगाने के लिए भाजपा के नेता भगवान राम को यादकर रहे हैं। भगवान राम के भरोसे लोकसभा चुनाव की वैतरणी पार करने के लिए चुनावी सभाओं में बार बार राम राग अलाप रहे हैं। श्री बैज ने कहा कि भगवान राम हम सबके आराध्य हैं। भाजपा राम के नाम का अपना सर्टिफिकेट बांट रही है। हम कांग्रेसियों को भाजपा के प्रमाण पत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। दरअसल रामविचार नेताम ने अंबिकापुर प्रवास के दौरान कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा था और राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा को सूर्पनखा बताया था। साथ ही श्री नेताम ने भाजपा का विरोध करने वालो को राक्षस करार दिया था। रामविचार नेताम ने कहा कि सूर्पनखा, दुःशासन, अहिरावण, कंस तक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का चुनाव प्रचार करने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *