कांग्रेस प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने मोदी सरकार को लिया आड़े हाथों…

जगदलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने यहां पत्रवार्ता में भाजपा पर आरोपों के तीर चलाए। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को ख़त्म करने की साज़िश रच रही है। राधिका खेड़ा ने कहा कि आरक्षण ख़त्म करने, सब कुछ अदानी अंबानी को बेचने, जनता से उसका विरोध करने का हक़ छीनने के लिए भाजपा ऐसा कर रही है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार आरक्षण विधेयक लेकर आई, जिससे आदिवासियों को 32 प्रतिशत आरक्षण मिलता। लेकिन राज्यपाल ने विधेयक को पास नहीं किया। मोदी सरकार आदिवासी विरोधी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति तो दें दी, लेकिन राष्ट्रपति को संसद भवन के उद्घाटन से दूर रखा। जिनका पहला हक़ उद्घाटन करने का बनता था, उन्हें न्यौता तक नहीं दिया। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से भी उन्हें दूर रखा। आदिवासी भाई बहनों को लगातार रमन सिंह सरकार ने झूठे केस में फंसाकर जेल में बंद करने का काम किया। उन्हें नक्सली बताकर गलत केस लगाए। भूपेश बघेल ने 1700 आदिवासियों को रिहा करने का काम किया। वही पुराना माहौल आज फिर शुरू हो गया है। जिसके चलते नक्सली और पुलिस मुठभेड़ में 3 महीने की बच्ची की जान चली गई। राधिका खेड़ा ने कहा कि भाजपा प्राकृतिक संसाधनों को अपने कारोबारी मित्रों के हाथों बेच रही है। लगातार पेड़ों को और पहाड़ों को काटा जा रहा है यह सब सिर्फ़ अपने उद्योगपति दोस्तों के लिए।भूपेश बघेलकी कांग्रेस सरकार ने 1700 किसानों के पट्टे वापस करने का काम किया। जगदलपुर में मेडिकल कॉलेज के नाम पर सिर्फ़ ईंट का ढांचा देने का काम भाजपा ने किया। न डॉक्टर न कोई सुविधा। कांग्रेस ने इसको ठीक करने का काम किया। महारानी अस्पताल को बंद करने की साज़िश भी भाजपा सरकार ने रची। हमारी कांग्रेस सरकार ने उसको बचाने का काम किया। साथ ही 50 बेड के अस्पताल में इतनी सुविधाओं को बढ़ाया कि वहां आज लगभग 1000 लोगों का इलाज रोज़ होता है। 2015 में मोदी जी यहां आए और दल्लीराजहरा बस्तर रेल लाइन को हरी झंडी दिखाकर गये थे, आज वो ठंडे बस्ते में है। दंतेवाड़ा ज़िले के हीरानार और बस्तर ज़िले के डिलमिली मेगा पॉवर प्लांट का शिलान्यास 2017 में किया और वो भी आज ठंडे बस्ते में है। मोदी जी ने कुछ दिन पहले बस्तर में आकर झूठ कहा कि उनकी सरकार 100 से अधिक वन उपज एमएसपी पर ले रही है और कांग्रेस सिर्फ़ 7 वन उपज एमएसपी पर लेती थी। सच्चाई ये है कि भाजपा के समय सिर्फ़ 7 वन उपज एमएसपी में आते थे और हमारी कांग्रेस सरकार ने 72 वन उपजों को एमएसपी के दायरे में लाया। कांग्रेस ने तो तेंदूपत्ता भी 4000 रू.प्रति मानक बोरा लेने का काम किया। भाजपा सरकार सिर्फ़ 2500 रू. में लेती थी। देश बेरोज़गारी से जूझ रहा है और इससे हमारे बस्तरवासी भी वंचित नहीं है। आज महंगाई चरम पर है। खाने की बेसिक चीज आम जनता के लिए ख़रीदना मुश्किल है।मोदी जी की 3 महीने पुरानी गारंटी, महतारी वंदन योजना की पहली किश्त का इंतज़ार आज भी 70 प्रतिशत महिलाएं कर रही हैं। मोदी जी की 3 महीने पुरानी गारंटी, 500 के सिलेंडर का इंतज़ार आज भी छत्तीसगढ़ की जनता कर रही है। आज देश में 1000 का सिलिंडर है और जब हमारी सरकार ₹400 का सिलिंडर देती थी तो मोदी की भाजपा को ये बहुत महंगा लगता था और ये रोज़ विरोध करते थे।आज हर वर्ग मोदी सरकार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहा है। महिला, आदिवासी, युवा, पहलवान, किसान, अग्निवीर भर्ती वाले युवा सभी मोदी और भाजपा के खिलाफ हैं। इस बार ये लड़ाई जल जंगल ज़मीन बचाने की लड़ाई है। आदिवासी और महिलाओं के सम्मान को बचाने की लड़ाई है। युवाओं को अपना भविष्य सुनहरा बनाने की लड़ाई है।
प्रकृति को बचाने की लड़ाई है। इस दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, मीडिया कोआर्डिनेटर ऋषभ चंद्राकर, प्रदेश प्रवक्ता शिल्पा देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष उमाशंकर शुक्ला, सोशल मीडिया प्रदेश महासचिव योगेश पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष असीम सूता, ज्योति राव, विक्रांत सिंह, उस्मान रजा, जाहिद हुसैन, सादाब खान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *