आदिवासी को वनवासी कहना भाजपा की साजिश- राहुल

जशपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज जशपुर के सन्ना गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भाजपा की बड़ी साजिश है। वास्तव में यहां सबसे पहले आदिवासी समुदाय के लोग पहुंचे थे इसलिए जल जंगल पर पहला आधिकार आदिवासियों का है, लेकिन भाजपा जंगलों में उद्योग लगाकर आदिवासियों को बेदखल करने में जुट गई है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों का सम्मान करती है, जबकि भाजपा आदिवासी को अपमानित कर रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश के एक वायरल वीडियो का उल्लेख किया, जिसमें भाजपा का एक नेता आदिवासी युवक पर पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता कभी मवेशियों पर ऐसा कृत्य नहीं करते हैं, लेकिन उनके द्वारा आदिवासी को अपमानित करते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आदिवासियों को और खुशहाल बनाना चाहती है। यहां किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य 2600 रुपए से बढ़ाकर अब 3200 रुपए क्विंटल की घोषणा कांग्रेस ने की है। धान का मूल्य 3600 रुपए पहुंचाकर किसानों को और भी मजबूत बनाया जाएगा। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी केवल कुछ उद्योगपतियों की भलाई पर ही ध्यान दे रही है। आमसभा को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, संसदीय सचिव यूडी मिंज ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *