छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खिलाड़ियों को नहीं मिला नकद ईनाम…

राजनांदगांव, (बसंत शर्मा)। . छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन वर्ष 2022-23 में शुरू किया गया था. जिसमें लगभग डेढ़ लाख की संख्या में ग्रामीण अंचल के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. उक्त प्रतियोगिता को हुए लगभग पांच माह बीत जाने के बाद भी आज पर्यन्त विजेता प्रतिभागियों को नकद ईनाम की राशि नहीं दी गई है. जिससे प्रतिभागियों में मायूसी देखने को मिल रही है.

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल की शुरूआत अक्टूबर 2022 में की गई थी. यह प्रतियाेगिता जनवरी 2023 तक चली. उक्त प्रतियोगिता को चार भागों में विभाजित किया गया था. पहली विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, दूसरी जिला स्तर, तीसरी संभाग स्तर तथा चाैथी राज्य स्तरीय. उक्त प्रतियोगिता में नकद पुरस्कार को भी चार श्रेणी में रखा गया था. जिसमें पहली विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम  एक हजार रुपये, द्वितीय 750 रुपये. तृतीय 500 रुपये , दूसरी जिला स्तर में प्रथम दो हजार रुपये., द्वितीय 1500 रुपये, तृतीय 1000 रुपये, तीसरी संभाग स्तर में प्रथम तीन हजार, द्वितीय 2500 ., तृतीय 2000 रुपये तथा चाैथी राज्य स्तरीय में प्रथम पांच हजार, द्वितीय 4500 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 4000 रुपए था. उक्त प्रतियोगिता को बीते लगभग 5 माह से ज्यादा हो गए है. बावजूद इसके आज तक प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार की राशि नहीं की गई है.

मुख्यमंत्री की योजना में अधिकारी दिखा रहे लापरवाही
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पारंपरिक खेल स्पर्धा को आगे बढ़ाने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे. बावजूद इसके राजनांदगांव जिले के अधिकारी इस ओर किसी भी प्रकार का ध्यान नहीं दे रहे है. यही वजह है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल की इस योजना का लाभ अब तक प्रतिभागियों को नहीं मिल पाया है.

63 लाख की राशि खेल विभाग के पास

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरूस्कार प्राप्त प्रतिभागियों के लिए राज्य सरकार ने बजट भेज दिया था. इसके तहत लगभग 63 लाख रुपए की राशि खेल विभाग के पास आकर रखी हुई है. जिसे प्रतिभागियों को देना थी. लेकिन उक्त राशि काे खिलाड़ियों को नहीं दिया गया है.

एकांउट नंबर नहीं मिलने से राशि आबंटित नहीं हो पाई है- एक्का

इस संबंध में खेल अधिकारी ए. एक्का ने बताया कि राज्य सरकार ने राशि जारी कर दी है. इस राशि के आबंटन के लिए संबंधित सभी विभाग के अधिकारियों से पत्र व्यवहार किया गया है. उनके द्वारा एकांउट नंबर नहीं दिया गया है. जिसके चलते राशि खाते में नहीं डाली गई है।

सूची मंगाई गई है- काैशिक

इस संबंध में जिला पंचायत के नरेंद्र काैशिक का कहना है कि सूची मंगाई गई है. सूची का अभाव है. इस प्रतियोगिता में लगभग डेढ़ लाख लोगों ने भाग लिया था. संख्यात्मक जानकारी तो है. लेकिन नामजद सूची, डेढ़ लाख लोगों का नाम, आधार नंबर एवं अन्य जानकारी मांगी जा रही है. प्रतियोगिता के समय इस प्रकार कोई निर्देश नहीं आया था और न ही नकद पुरस्कार देने की जानकारी आई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *