0 कावड़गांव के खेत में काम के दौरान दर्दनाक हादसा
बस्तर। खेत में कृषि कार्य के दौरान ट्रेक्टर इंजन के पलटने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है।
यह दर्दनाक दुर्घटना बस्तर विकासखंड के ग्राम कावड़गांव में बीती शाम हुई। भानपुरी थाना क्षेत्र में आने वाले कावड़गांव स्थित एक किसान के खेत में गुरुवार की शाम किसानी कार्य किया जा रहा था। ट्रेक्टर पर ड्राईवर और दो बच्चों समेत
पांच लोग सवार थे। शाम करीब 5. 30 बजे ट्रेक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेक्टर पलटकर उल्टा हो गया, उसके पहिए ऊपर की ओर हो गए। पांचों लोग ट्रेक्टर तले दब गए। दोनों बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गए, जबकि ड्राईवर समेत तीन लोग दबकर बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला और वाहन से भानपुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों को काफी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। तीनों घायलों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में गहन उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद गांव का माहौल मातमी हो गया। पूरा गांव खेत में उमड़ पड़ा था। भानपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रेक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
*सांसद बैज और विधायक जैन ने जताई संवेदना*
घटना को लेकर सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव एवं जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन तथा बस्तर के विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर ने संवेदना जताई है। हादसे की खबर मिलते ही श्री बैज एवं श्री जैन ने कावड़गांव के कांग्रेस नेताओं को फोन कर उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। श्री बैज ने मृत बच्चों के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। सांसद श्री बैज, विधायक द्वय रेखचंद जैन व श्री बघेल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। श्री बैज व रेखचंद जैन ने कहा है कि मृत बच्चों के परिजनों तथा घायलों को यथोचित मुआवजा दिलाया जाएगा। बस्तर विधायक श्री बघेल ने ग्रामीणों से अपील की है कि भारी उपकरणों व वाहनों से कृषि कार्य करते समय बच्चों को खेतों में न ले जाएं तथा वाहनों का उपयोग सावधानी पूर्वक करें।