धर्मांतरण के मुद्दे पर बवाल, एसपी घायल, पुलिस ने चलाई लाठी…

(अर्जुन झा)

नारायणपुर। धर्मांतरण के मुद्दे पर आज जमकर बवाल मच गया। पुलिस पर हुए पथराव में एसपी सदानंद कुमार घायल हो गए। पथराव के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम पर लाठीचार्ज की खबर है। सलाम पर लोगों की भीड़ लाने और चर्च पर पथराव करने का आरोप सामने आया है। इस घटना के बाद माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में लोग अभी भी घटनास्थल पर जमा हो गए। घटना की खबर मिलते ही बस्तर आईजी पी. सुंदरराज मौके पर रवाना हो गए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में कथित धर्मांतरण का विरोध कर रहे ग्रामीणों के पथराव में एसपी सदानंद के सिर पर पत्थर लगने की खबर है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि हफ्ते भर पहले नारायणपुर के एरका गांव में ईसाई समुदाय के लोग आए थे। उन्हें ग्रामीणों ने खदेड़ दिया था। इसके दूसरे दिन गांव में बड़ी संख्या में समाज के लोग आए। उन्होंने गांव वालों से मारपीट की। यह मामला कुछ दिन शांत रहा। इसके बाद बीते रोज ईसाई समाज के कुछ लोग फिर गांव पहुंचे और कथित तौर पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया। जब गांव वालों ने विरोध किया तो उनसे मारपीट की। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और चर्च में पथराव कर रहे थे। इस दौरान उन्हें रोकने पहुंचे एसपी सदानंद को भी पत्थर लगा जिससे वे घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *