रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि यू-डाइस प्लस 2025-26 की रिपोर्ट ने भाजपा सरकार के सब स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक होने के दावे की पोल खोलकर रख दी है। प्रदेश के 2500 से अधिक स्कूलों में 72 हजार से अधिक बच्चों को पढ़ाने के लिए मात्र एक-एक शिक्षक होना बेहद गंभीर और शर्मनाक स्थिति है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है जैसे दावे अब हवा-हवाई साबित हो गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार कागजों में शिक्षकों की मौजूदगी दिखाकर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि धरातल पर बच्चे शिक्षक, पुस्तक और स्कूल भवन की मांग को लेकर आंदोलन करने मजबूर हैं। सरकार की शिक्षा व्यवस्था का इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है कि एक शिक्षक को एक साथ अलग-अलग कक्षाओं और सैकड़ों बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी दी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि स्कूल खुले दो महीने होने जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश के अनेक स्कूल आज भी शिक्षकों, पुस्तकों और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। धमतरी, बालोद सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर जेन जी और अल्फा पीढ़ी के छात्र-छात्राएं शिक्षक और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जब बच्चे खुद सड़क पर उतरकर सरकार से शिक्षक मांग रहे हैं, तब शिक्षा मंत्री किस आधार पर पर्याप्त शिक्षक होने का दावा कर रहे हैं?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि कहीं हिंदी के शिक्षक नहीं हैं, कहीं अंग्रेजी, रसायन, सामाजिक विज्ञान और भूगोल के शिक्षक नहीं हैं, वहीं प्राथमिक स्कूल भी शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। सरकार बताए कि शिक्षक के बिना स्कूल कैसे चलेगा और पढ़ाई के बिना बच्चों का भविष्य कैसे बनेगा?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 57 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा किया था। सरकार बनने के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 33 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की, लेकिन उन्हें शिक्षा मंत्री पद से हटा दिया गया। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की, लेकिन भर्ती शुरू नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने 5 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की, मगर भर्ती करने के बजाय पदों की संख्या ही घटा दी गई।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 57 हजार शिक्षकों की भर्ती का वादा, हजारों स्कूलों को बंद करने की तैयारी और दूसरी ओर 2500 से अधिक स्कूलों में बच्चों के लिए मात्र एक शिक्षक यही भाजपा सरकार की शिक्षा नीति का असली चेहरा है। सरकार के वादे कागजों में हैं और बच्चों की पढ़ाई जमीन पर ठप है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार बच्चों की शिक्षा की रेटिंग और उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटने के बजाय पहले यह बताए कि जब एक शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा है तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात किस मुंह से की जा रही है? यह रेटिंग नहीं, बल्कि सरकारी खानापूर्ति और शिक्षा व्यवस्था की विफलता को छिपाने का प्रयास है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि धमतरी, बालोद सहित प्रदेश के सभी शिक्षकविहीन और शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में तत्काल पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। लंबित शिक्षक भर्ती को तत्काल पूरा किया जाए, खाली पदों पर भर्ती की जाए और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद किया जाए।