मधोता-खैरगुड़ा-कुंडगुड़ा में बिजली गुल की समस्या हमेशा बनी रहती है

बस्तर। मधोता, खैरगुड़ा एवं कुंडगुड़ा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या कोई नई बात नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार यहां बारिश या तेज हवा चलने के बाद अक्सर बिजली गुल हो जाती है और विद्युत विभाग द्वारा हर बार “फाल्ट है” बताकर समस्या से पल्ला झाड़ लिया जाता है। रात से बिजली बंद होने के कारण ग्रामीणों को एक बार फिर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होना अब लगभग रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है। मौसम खराब होते ही बिजली बंद हो जाती है और फाल्ट के नाम पर घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। इससे बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग, पेयजल व्यवस्था सहित घरेलू एवं जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि क्षेत्र में बार-बार एक ही प्रकार का फाल्ट सामने आ रहा है तो विद्युत विभाग को केवल फाल्ट सुधारने के बजाय समस्या के मूल कारण की जांच कर स्थायी समाधान करना चाहिए। विद्युत लाइन, पोल, ट्रांसफार्मर एवं अन्य उपकरणों का नियमित निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव नहीं होने के कारण बारिश और हवा के दौरान समस्या और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने के साथ-साथ मधोता, खैरगुड़ा एवं कुंडगुड़ा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार “फाल्ट” बताकर अस्थायी रूप से बिजली बहाल करने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि बारिश और हवा के दौरान बार-बार बिजली गुल न हो।