० पिछड़ा वर्ग को वोट बैंक बनाने वाली कांग्रेस ने नहीं दिया सम्मान, मोदी सरकार ने किया सशक्त
० उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ओबीसी समाज के प्रबुद्धजनों का किया सम्मान, कार्यकर्ताओं से कहा- विकास में निभायें सक्रिय भागीदारी
० “मोदी सरकार ने गरीब, किसान और पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए किए ऐतिहासिक कार्य”
जांजगीर-चांपा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज जांजगीर-चांपा के जिला पंचायत परिसर ऑडिटोरियम में भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया। श्री साव ने कहा कि इन प्रबुद्धजनों ने अपने कार्यों से समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने पर जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार है। गांव-गांव में मेहनत और परिश्रम से देश के विकास में योगदान देने वाला समाज है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक अधिकार नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा वर्ग को सम्मान और अधिकार दिया। आज पिछड़ा वर्ग समाज का व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचा है। यह सामाजिक सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है।
श्री साव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। चार करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं और बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर लाने का काम हुआ है। इलाज के लिए गरीबों को जमीन और आभूषण बेचने की मजबूरी न हो, इसके लिए आयुष्मान भारत जैसी योजना शुरू की। गांव, गरीब और किसान के लिए आजादी के बाद सबसे अधिक काम भाजपा सरकार ने किया है। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और दुनिया में देश का सम्मान बढ़ा है।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की संस्कृति और सनातन आस्था से जुड़े स्थलों का गौरव बढ़ रहा है। काशी, अयोध्या और उज्जैन में भव्य कॉरिडोर का निर्माण हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण होगा। डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना जरूरी है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम में कहा कि समाज के लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए। हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को बदलते समय के अनुरूप तैयार करना होगा। युवाओं और महिलाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान देना होगा। कृषि, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को आगे बढ़ने के अवसर मिलें, इसके लिए समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए। सम्मेलन को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री ओपी चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक सुशांत शुक्ला, वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन अध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल , ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू , भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े , पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू , पूर्व विधायक डॉ खिलावन साहू , पूर्व सांसद कमला पाटले , मोर्चा महामंत्री अशोक सिन्हा , उपकार चंद्राकर , जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला प्रभारी रामदेव कुमावत, प्रशांत ठाकुर, मोहन कुमारी, संभाग प्रभारी शान्तनु साहू, जिला प्रभारी विनय साहू, महाजन जायसवाल , रजनी साहू, ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।