बोलेरो में 44 लाख का गांजा लेकर जा रहा था तस्कर, पुलिस को देखते ही भागा; पीछा कर पकड़ा गया

सूरजपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बोलेरो वाहन से गांजा ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन के जरिए गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी और वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो नजर आई। पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा करते हुए ब्रम्हपुर के पास बोलेरो को रोक लिया और वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बोलेरो से 88.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा रायगढ़ की ओर से लाया जा रहा था और इसे बचरापोड़ी की तरफ ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में पुलिस

मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे और कार्रवाई की जा सकती है।